अब राजस्व सेवाएँ एक क्लिक दूर : भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट और ऑटो-डाइवर्ज़न सुविधा का हुआ शुभारंभ
रायपुर, 9 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डिजिटल गवर्नेंस को और अधिक सशक्त बनाते हुए आज नागरिक सुविधा के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण और अभिनव पहल का शुभारंभ किया गया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने निवास कार्यालय से भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा तथा ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) सुविधा का औपचारिक राज्यव्यापी शुभारंभ किया। ये दोनों पहल ई-गवर्नेंस, पारदर्शिता और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम हैं।
भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा के माध्यम से नागरिक अब मोबाइल फोन पर ही राजस्व सेवाओं से जुड़ी जानकारी और सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। इस सेवा के अंतर्गत जमीन संबंधी जानकारी, राजस्व न्यायालय से संबंधित सूचनाएं, मोबाइल नंबर जोड़ना, आधार नंबर जोड़ने हेतु ऑनलाइन आवेदन, किसान किताब के लिए आवेदन, नामांतरण हेतु आवेदन सहित अन्य नागरिक-हितैषी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक 7289056060 नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर इन सेवाओं का लाभ घर बैठे ले सकते हैं।
इसी क्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) सुविधा का भी शुभारंभ किया। यह सुविधा भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध बनाती है। अब नागरिक बिना कागजी कार्रवाई और कार्यालयों के चक्कर लगाए भूमि उपयोग परिवर्तन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल पर भूमि चयन से लेकर प्रीमियम और शुल्क की गणना तक की प्रक्रिया स्वचालित की गई है।
भुगतान को सरल और सुरक्षित बनाने के लिए ई-चालान की सुविधा दी गई है। आवेदन के साथ छह आवश्यक दस्तावेजों का ऑनलाइन अपलोड अनिवार्य किया गया है। आवेदन जमा होते ही वह संबंधित सक्षम अधिकारी के पास परीक्षण हेतु स्वतः प्रेषित होगा। सक्षम अधिकारी को 15 दिनों के भीतर निर्णय लेना अनिवार्य होगा।
निर्धारित समय-सीमा में निर्णय नहीं होने की स्थिति में डिम्ड डाइवर्ज़न प्रमाणपत्र स्वतः जारी किया जाएगा। यदि नागरिक द्वारा जमा की गई राशि वास्तविक देय राशि से कम पाई जाती है, तो इसकी सूचना दी जाएगी और शेष राशि 60 दिनों के भीतर जमा करनी होगी, अन्यथा विलंब पर अर्थदंड लागू होगा।
नागरिक इस सुविधा का लाभ https://revenue.cg.nic.in/citizenrequest/ पोर्टल के माध्यम से ले सकते हैं।
इस अवसर पर राजस्व सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले, संचालक राजस्व विनीत नंदनवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तकनीक के माध्यम से शासन को सीधे नागरिकों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि समय, संसाधन और श्रम की बचत हो तथा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट और ऑटो-डाइवर्ज़न जैसी पहल से नागरिकों को राजस्व सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि ये दोनों पहल राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाएंगी। ऑटो-डाइवर्ज़न व्यवस्था से भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया तय समय-सीमा में पूरी होगी और नागरिकों को त्वरित राहत मिलेगी।
राजस्व सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने कहा कि इन पहलों से राजस्व सेवाओं के डिजिटलीकरण को नई गति मिलेगी। तय समय-सीमा, ऑनलाइन भुगतान और डिम्ड डाइवर्ज़न जैसे प्रावधान प्रशासनिक जवाबदेही को और मजबूत करेंगे।
