futuredछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ में फसल विविधिकरण और कृषि नवाचार पर केंद्र–राज्य की संयुक्त पहल, विशेष कृषि नीति बनेगी

रायपुर, 31 जनवरी 2026/ केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छत्तीसगढ़ को कृषि के क्षेत्र में उन्नत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विशेष प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों और राज्य सरकार के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम आगामी एक सप्ताह के भीतर छत्तीसगढ़ के एग्रोक्लाइमेट के अनुरूप विशेष कृषि नीति का प्रारूप तैयार करेगी।

आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में कृषि विभाग के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में फसल विविधिकरण को बढ़ावा देना आवश्यक है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। साथ ही छोटी जोत के किसानों के लिए कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्यपालन और वानिकी जैसी सहायक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

See also  सृजनशील भारत के लिए सतत् प्रेरणा भगवान विश्वकर्मा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि अनुसंधान और फसल किस्मों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा विभिन्न फसलों के वैविध्य पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य हो रहा है और कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़ने की असीम संभावनाएं हैं। अनुसंधान ऐसा होना चाहिए, जिससे किसानों को सीधे लाभ मिले।

उन्होंने फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन को सशक्त बनाने, कृषि यंत्रों के वितरण में फिजिकल वेरिफिकेशन तथा प्रधानमंत्री धन-धान्य जिला योजना की प्रगति की समीक्षा की। केंद्रीय मंत्री ने कृषि अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं से संवाद कर टीम वर्क और नवाचार पर जोर दिया तथा कहा कि अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने छत्तीसगढ़ में कृषि विकास और किसानों के सशक्तिकरण से जुड़ी केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विविध फसलों के उत्पादन के लिए अनुकूल जलवायु वाला राज्य है और यहां जिलावार तथा क्षेत्रवार फसल विविधिकरण को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

See also  छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास का दस्तावेज़ बना सिनेमा स्कोप का जनवरी 2026 अंक

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि उपकरणों और नवीन तकनीकों को अपनाकर खेती करने से उत्पादन बढ़ेगा, किसान सशक्त होंगे और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में कृषि के क्षेत्र में सराहनीय कार्य हो रहा है।

बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि योजना, कृषि सिंचाई योजना, मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेस, कृषि उन्नति, प्रधानमंत्री जनधन योजना, बागवानी मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिए कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना का शत-प्रतिशत लाभ पात्र किसानों तक सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पाम ऑयल और मखाना की खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अपेक्षा से अधिक सहायता केंद्र सरकार से प्राप्त हो रही है। बैठक में मिले दिशा-निर्देशों से राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

See also  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय नारायणपुर से जारी करेंगे महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव शहला निगार सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।