futuredछत्तीसगढ

सारंगढ़ अंचल के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

सारंगढ़-बिलाईगढ़ अंचल के जनप्रतिनिधियों ने हाल ही में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। इनमें प्रमुख रूप से ग्राम कोसीर को नगर पंचायत का दर्जा देने, उप-तहसील को तहसील में उन्नत करने और माँ कौशलेश्वरी देवी मंदिर को ग्रामीण पर्यटन से जोड़ने की मांग शामिल रही।

भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष और पूर्व जिला पंचायत सदस्य नंदनी वर्मा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. दिनेश जांगड़े, भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री विशाल सोनी, सदस्य अभिषेक पटेल और वरिष्ठ कार्यकर्ता बाबूलाल लहरे मुख्यमंत्री से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कोसीर लंबे समय से नगर पंचायत बनाने की प्रतीक्षा कर रहा है। 1997 से ही इस मांग को लेकर आवाज उठती रही है, लेकिन अब तक यह अधूरी है।

गौरतलब है कि 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने कोसीर को नगर पंचायत घोषित करने का निर्णय लिया था। उस समय पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर देखी गई थी, लेकिन बाद में सरकार बदलने के साथ यह घोषणा अधर में लटक गई। अब लोगों की नजर मौजूदा भाजपा सरकार पर है।

यह भी पढ़ें  जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू: छत्तीसगढ़ में 1 मई से घरों और मकानों की होगी गणना

स्थानीय प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से कोसीर की माँ कौशलेश्वरी देवी मंदिर को पर्यटन मानचित्र से जोड़ने की भी मांग की। उनका कहना है कि यह मंदिर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से क्षेत्र को नई पहचान मिल सकती है। साथ ही, नवीन कॉलेज की स्थापना को भी अंचल की बहुप्रतीक्षित मांग बताया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। अब देखना यह होगा कि सरकार इन मांगों पर कब और किस स्तर पर ठोस पहल करती है।

क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या कोसीर नगर पंचायत का सपना साकार होगा, उप-तहसील तहसील बनेगी और क्या माँ कौशलेश्वरी मंदिर को पर्यटन से जोड़ा जा सकेगा। इन सवालों का जवाब आने वाला समय ही देगा।