मध्य पूर्व में तनाव के बीच CBSE ने 16 मार्च तक कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कीं
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को मध्य पूर्व में 16 मार्च तक स्थगित करने का फैसला लिया है। यह निर्णय क्षेत्र में मौजूद अनिश्चित स्थिति और छात्रों की सुरक्षा व मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में मौजूदा हालात की समीक्षा के बाद यह कदम उठाया गया है। उनके अनुसार 12 से 16 मार्च के बीच आयोजित होने वाली कक्षा 12 की परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि इन परीक्षाओं की नई तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी। साथ ही बोर्ड 14 मार्च को स्थिति की फिर से समीक्षा करेगा और उसके बाद आगे की परीक्षाओं को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
इससे पहले भी सीबीएसई ने क्षेत्र में बिगड़ते हालात को देखते हुए 2, 5, 7, 9, 10 और 11 मार्च को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित किया था। वहीं कक्षा 10 की परीक्षाओं को 11 मार्च तक रद्द कर दिया गया था। बोर्ड ने यह भी कहा है कि कक्षा 10 के परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया और तरीका बाद में अलग से बताया जाएगा।
दरअसल, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों के बाद से क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई थी। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल और अमेरिका के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिनमें खाड़ी क्षेत्र के कई देश भी प्रभावित हुए हैं।
पिछले कुछ दिनों में दोनों पक्षों के बीच लगातार हमले और जवाबी हमलों के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं। इस बीच भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और विवाद को बातचीत तथा कूटनीतिक प्रयासों के जरिए सुलझाने की अपील की है।

