futuredछत्तीसगढ

पीएम जनमन से जबगा एवं कुर्रा के बिरहोर परिवारों की बदली जिंदगी

रायपुर, 20 जून 2025/ रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम जबगा एवं कुर्रा में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर परिवारों का जीवन अब पूरी तरह बदल चुका है। कभी जंगलों की गुफाओं और कच्ची झोपड़ियों में जीवन यापन करने वाले ये परिवार अब प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत बने पक्के मकानों में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन बिता रहे हैं।

जबगा गांव में बिरहोरों को मिला पक्के घरों का संबल
धरमजयगढ़ से 20 किलोमीटर और जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित जबगा गांव में सात बिरहोर परिवार निवास करते हैं। पहले ये परिवार जंगल की गुफाओं में रहते थे, बाद में ग्रामीणों के सहयोग से आबादी क्षेत्र में लाए गए। यहां इन्होंने झोपड़ी और कच्चे मकान बनाकर जीवन गुजारा, लेकिन पक्के घर का सपना इनके लिए दूर की बात थी।

जनजातीय जीवन पर आश्रित ये परिवार माहुल पेड़ से रस्सी, ‘बगाई’ घास से खाट की नेवार बनाकर बेचते थे, जिससे कमाई कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। हर वर्ष बरसात में तेज हवाओं और पानी से घरों को भारी नुकसान होता था, जिसके कारण अधिकांश आमदनी मरम्मत में खर्च हो जाती थी। लेकिन अब उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के मकान मिले हैं, जिससे उन्हें सुरक्षा, स्थिरता और बीमारी के भय से राहत मिली है।

See also  पश्चिम बंगाल की राजनीति पर उठते सवाल: क्या लोकतंत्र से भटक रहा है बंगाल?

कुर्रा में बसी बिरहोर कॉलोनी बनी उदाहरण
लैलूंगा के समीप कुर्रा गांव में निवासरत 10 बिरहोर परिवारों को भी पीएम जनमन योजना के तहत पक्के मकान मिले हैं। इन घरों को कॉलोनी के रूप में विशेष डिज़ाइन और लेआउट के साथ बसाया गया है, जिससे वे अपने समुदाय के बीच रह सकें। स्वच्छ भारत मिशन के तहत घरों में शौचालय का निर्माण भी कराया गया है। साथ ही सड़क, बिजली और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

बरसात में पहले ये परिवार जहरीले सांप-बिच्छुओं के डर और झोपड़ियों की जर्जर हालत के कारण दहशत में रहते थे, अब वे पक्के आशियाने में सुकून का जीवन जी रहे हैं।

पीएम जनमन योजना बनी जनजातीय उत्थान का माध्यम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में चल रही ‘पीएम जनमन योजना’ विशेष पिछड़ी जनजातियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है। बिरहोर परिवारों को अब वह सुरक्षा और स्थिरता मिली है जिसकी उन्हें बरसों से प्रतीक्षा थी।

See also  छत्तीसगढ़ विधानसभा में 10,617 करोड़ से अधिक की अनुदान मांगें पारित, विकास और सुशासन पर सरकार का जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बिरहोर परिवारों ने खुशी जाहिर की कि आज वे अपने सपनों के घरों में न केवल सुरक्षित महसूस कर रहे हैं, बल्कि सामाजिक गरिमा से भी जुड़ रहे हैं।

ALSO READ : छत्तीसगढ़ की ताजा खबरे

ALSO READ : राज्यों की खबरें

ALSO READ : घुमक्कड़ी लेख 

ALSO READ : लोक संस्कृति लेख 

ALSO READ : धर्म एवं अध्यात्म लेख