futuredखबर राज्यों से

शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर के मैकेनिकल प्रोग्राम को NBA प्रत्यायन में तीन साल की निरंतरता

रायपुर, 29 जुलाई 2025/ शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बिलासपुर (कोनी), छत्तीसगढ़ ने उच्च तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। महाविद्यालय के यांत्रिकी अभियांत्रिकी (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) स्नातक कार्यक्रम को राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (National Board of Accreditation – NBA) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 से 2027-28 तक के लिए मान्यता प्रदान की गई है। यह मान्यता संस्थान की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, उत्कृष्ट शैक्षणिक मानकों और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम संरचना का प्रमाण है।

पूर्व में, महाविद्यालय के इसी प्रोग्राम को 2022-23 से 2024-25 तक NBA का प्रत्यायन प्राप्त था, जिसकी वैधता 30 जून 2025 तक थी। प्रत्यायन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए 21 जून 2025 को NBA के विशेषज्ञ दल ने महाविद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रयोगशाला सुविधाओं, फैकल्टी की दक्षता और छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन की गहन समीक्षा की गई।

प्रत्यायन की इस निरंतरता से कॉलेज के छात्रों को देशभर के प्रतिष्ठित उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों में उच्चतर अवसर मिलेंगे। साथ ही, कॉलेज की साख भी राष्ट्रीय स्तर पर और सुदृढ़ होगी। इस उपलब्धि के लिए महाविद्यालय प्रशासन, संकाय, छात्रों और कर्मचारियों ने संयुक्त प्रयास किए, जिससे तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ा है।

See also  प्रधानमंत्री ने पुलिस व्यवस्था में संवेदनशीलता व जवाबदेही पर बल दिया : DGP-IGP सम्मेलन