बिलासपुर में श्रद्धांजलि सभा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भुलऊ प्रसाद कौशिक को दी श्रद्धांजलि
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के बड़े भाई स्वर्गीय भुलऊ प्रसाद कौशिक को श्रद्धांजलि अर्पित की। वे बिलासपुर के परसदा स्थित विधायक निवास में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए और दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय भुलऊ प्रसाद कौशिक का जीवन सादगी, स्नेह और संस्कारों से परिपूर्ण था, जो परिवार के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान हो।
श्रद्धांजलि सभा में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

