futuredछत्तीसगढताजा खबरें

बिना नंबर प्लेट और फर्जी नंबर वाले वाहनों पर पुलिस सख्त, पेट्रोल पंपों को भी जारी किए निर्देश

बिलासपुर/जिले में बिना नंबर प्लेट, फर्जी या छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल पंप संचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध या बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को ईंधन न दिया जाए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने बताया कि जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर वाहनों की जांच की जा रही है और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में बीट प्रणाली के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहनों का उपयोग किसी भी प्रकार की अवैध या आपराधिक गतिविधि में न हो सके।

See also  लोकतंत्र को मजबूत बनाने में न्यायपालिका की अहम भूमिका : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

पुलिस के अनुसार जिन वाहनों में नंबर प्लेट नहीं लगी है, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई है या मानक नियमों के अनुसार नंबर नहीं लिखा गया है, उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। इसके अलावा किसी दूसरे वाहन का नंबर उपयोग कर वाहन चलाने के मामलों में भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के तहत जिले के सभी पेट्रोल और डीजल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि यदि कोई वाहन बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध नंबर प्लेट के साथ ईंधन लेने आता है तो उसे पेट्रोल या डीजल न दिया जाए। साथ ही ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को देने के लिए कहा गया है।

एएसपी करियारे ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी से न केवल सड़क व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण भी बनती है। इसके अलावा नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर अपराध करने की संभावना भी बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटना या अपराध की स्थिति में वाहन की पहचान करना कठिन हो जाता है।

See also  माओवादी 108 कैडरों का आत्मसमर्पण बस्तर में बंदूक नहीं, विश्वास की जीत: विष्णु देव साय

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध नंबर वाले वाहन दिखाई दें तो इसकी जानकारी तुरंत यातायात पुलिस या निकटतम थाने को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।