futuredखबर राज्यों सेताजा खबरें

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सुबह से मतदान शुरू, अब तक 25% से अधिक वोटिंग

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। इस चरण में राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। लगभग 3.75 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा और इसके लिए कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

सुबह 11 बजे तक राज्य में औसत 25.11% मतदान दर्ज किया गया। इनमें बेगूसराय जिले में सबसे अधिक 30.37% वोटिंग, जबकि पटना जिले में अब तक सबसे कम 23.71% मतदान हुआ है।

यह चरण दोनों महागठबंधनों के लिए अहम माना जा रहा है, खासकर छोटे दलों की साख दांव पर है। वामपंथी दल CPI(ML) इस चरण में 20 सीटों में से 10 पर चुनाव लड़ रही है, जिनमें से छह सीटें पार्टी के पास पहले से हैं। वहीं एनडीए की ओर से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) इस चरण में 10 सीटों पर मैदान में है, जबकि पिछली विधानसभा में उसके पास इनमे से केवल एक सीट थी। LJP(RV) को मिले सीटों की संख्या को लेकर जेडीयू और गठबंधन के अन्य दलों में असंतोष भी देखा गया था।

See also  मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना: 429 करोड़ से अधिक की स्वीकृतियां, छत्तीसगढ़ के 14 नगर निगमों में तेजी से बदल रही शहरों की तस्वीर

पहले चरण में कई दिग्गज नेताओं की किस्मत EVM में बंद होगी। विपक्ष की ओर से मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव इस चरण में चुनावी मैदान में हैं। एनडीए की तरफ से भी कई मंत्री और शीर्ष नेता जैसे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा चुनाव लड़ रहे हैं।

इसके अलावा, इस बार चुनावी मैदान में कुछ नए और लोकप्रिय चेहरे भी उतर रहे हैं। भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव (राजद – छपरा), लोकगायिका मैथिली ठाकुर (भाजपा – अलीगंज) और गायक-अभिनेता रितेश पांडे (जन सुराज पार्टी – कारगहर) इस चरण में अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं।

पहले चरण के मतदान के नतीजों से आने वाले चरणों की चुनावी हवा का रुख तय होने की संभावना है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।