futuredछत्तीसगढ

बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में स्कूली बच्चों की प्रस्तुति ने मोहा मन, अमित शाह ने ताली बजाकर बढ़ाया उत्साह

जगदलपुर, 09 फरवरी 2026/ संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की भावपूर्ण, अनुशासित और जीवंत प्रस्तुति को देखकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भावविभोर हो उठे और ताली बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह के दौरान जगदलपुर के हजारों स्कूली बच्चों ने केंद्रीय गृहमंत्री के स्वागत में “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गीत पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। बच्चों के आत्मविश्वास, समन्वय और भाव-प्रस्तुति ने पूरे समारोह को उल्लासपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने मुक्तकंठ से बच्चों की प्रशंसा करते हुए लगातार तालियों के माध्यम से उनका हौसला बढ़ाया।

कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मलखंभ प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। केंद्रीय गृहमंत्री ने बच्चों की कला, अनुशासन और आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने भी बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

See also  देश होगा 31 मार्च 2026 से पहले नक्सल-मुक्त: रायपुर में गृह मंत्री अमित शाह

उल्लेखनीय है कि “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गीत को हिंदी एवं हल्बी बोली में रचा गया है। इस गीत में बस्तर की बादल अकादमी के कलाकारों ने अपनी आवाज और संगीत का योगदान दिया है, जबकि दायरा बैंड ने इसे आधुनिक संगीत के साथ नया स्वरूप प्रदान किया है। गीत की भावनात्मक अभिव्यक्ति और लोक-संगीत की आधुनिक प्रस्तुति के कारण यह बच्चों और युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।