बस्तर पण्डुम 2026 का भव्य समापन 9 फरवरी को, मुख्य अतिथि होंगे अमित शाह
रायपुर, 08 फरवरी 2026/ बस्तर की जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को समर्पित तीन दिवसीय बस्तर पण्डुम 2026 का समापन समारोह 9 फरवरी को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णूदेव साय करेंगे।
‘प्रकृति और परंपरा का उत्सव’ ध्येय वाक्य के साथ आयोजित बस्तर पण्डुम, बस्तर अंचल की माटी की खुशबू, लोकजीवन और समृद्ध जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। समापन समारोह का आयोजन 9 फरवरी को पूर्वान्ह 11 बजे से लालबाग मैदान, जगदलपुर में किया जाएगा।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त बस्तर पण्डुम के समापन समारोह में सांसद महेश कश्यप और भोजराज नाग, विधायक किरण सिंहदेव, लता उसेंडी, विनायक गोयल, नीलकंठ टेकाम, विक्रम उसेंडी, आशाराम नेताम, चैतराम अटामी, सावित्री मनोज मंडावी, लखेश्वर बघेल, विक्रम मंडावी तथा जगदलपुर महापौर संजय पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
बस्तर पण्डुम न केवल जनजातीय पहचान और परंपराओं का उत्सव है, बल्कि यह आयोजन स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में उभरकर सामने आया है।
