मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा 25 लाख के चैतू सहित 10 माओवादी ने किया आत्मसमर्पण
रायपुर, 28 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया है कि बस्तर में शांति और विकास की दिशा में सरकार के प्रयास लगातार मजबूत परिणाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन की नीति पर चलते हुए राज्य सरकार ने क्षेत्र में सुरक्षा, भरोसा और समृद्धि का वातावरण बनाया है। इसी अभियान के तहत “आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025” और “पूना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन” जैसी मानवीय पहलें बस्तर में नई उम्मीद जगा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि इन नीतियों का सीधा असर दिख रहा है और माओवादी संगठन के दबाव में फँसे अनेक लोग हिंसा छोड़कर मुख्यधारा की ओर लौट रहे हैं। शुक्रवार को इस अभियान को बड़ी सफलता मिली, जब 25 लाख के इनामी चैतू उर्फ श्याम दादा सहित कुल 65 लाख रुपये के इनाम वाले 10 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। चैतू दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का वरिष्ठ सदस्य बताया जाता है।
https://x.com/vishnudsai/status/1994407963889651735?s=19
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना बदलते बस्तर की स्पष्ट तस्वीर पेश करती है और यह साबित करती है कि सरकार की नीतियां जमीन पर असर दिखा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आत्मसमर्पित सभी लोगों को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन के लिए सभी जरूरी पुनर्वास सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी।
सरकार के अनुसार पिछले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में माओवादी हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटे हैं। इसे जनता के विश्वास, सुरक्षा एजेंसियों के प्रयास और सरकार की दूरदर्शी नीति का परिणाम माना जा रहा है।
