ताजा खबरें

बंगाल चुनाव से पहले भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी, महिलाओं-युवाओं को आर्थिक सहायता का वादा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी का चुनावी घोषणापत्र ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। इस दस्तावेज में पार्टी ने जनकल्याण योजनाओं के साथ-साथ प्रशासनिक सुधारों पर भी जोर दिया है।

घोषणापत्र में सबसे अहम घोषणा महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए की गई है। भाजपा ने वादा किया है कि यदि राज्य में उसकी सरकार बनती है, तो प्रत्येक पात्र महिला और बेरोजगार युवा को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसे मौजूदा राज्य सरकार की योजनाओं के मुकाबले एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

खान-पान पर नहीं होगा हस्तक्षेप
अमित शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा की सरकार बनने पर लोगों की खान-पान की आदतों में कोई दखल नहीं दिया जाएगा। उन्होंने मछली और अंडे पर प्रतिबंध से जुड़ी खबरों को विपक्ष का भ्रामक प्रचार बताया।

स्थानीय नेतृत्व पर जोर
शाह ने कहा कि पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा राज्य का ही होगा। उन्होंने परोक्ष रूप से तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वंशवाद की राजनीति पर सवाल उठाए और कहा कि भाजपा योग्यता के आधार पर नेतृत्व तय करती है।

यह भी पढ़ें  छत्तीसगढ़ में AI आधारित शिक्षा की तैयारी तेज, गूगल के साथ मिलकर शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण

बड़े प्रशासनिक वादे
घोषणापत्र में कई अहम वादे किए गए हैं, जिनमें सरकार बनने के छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की बात भी शामिल है। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और कर्मचारियों के लिए सातवां वेतन आयोग लागू करने का आश्वासन दिया गया है।

घुसपैठ और कानून-व्यवस्था पर सख्ती
अमित शाह ने अवैध घुसपैठ और पशु तस्करी पर कड़ा रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने ‘डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट’ नीति लागू करने का वादा करते हुए कहा कि इससे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के जरिए विकास, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के मुद्दों को प्रमुखता देते हुए ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण का संकल्प दोहराया है।