futuredछत्तीसगढ

बालोद के दुधली में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जम्बुरी, के.के. खंडेलवाल ने की व्यवस्थाओं की सराहना

रायपुर, 10 जनवरी 2026/ भारत स्काउट एंड गाइड के मुख्य राष्ट्रीय कमिश्नर के.के. खंडेलवाल ने बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जम्बुरी की व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने मात्र एक महीने के भीतर जिस स्तर की उत्कृष्ट व्यवस्था की है, वह देशभर के लिए एक उदाहरण है।

खंडेलवाल ने कहा कि उन्हें अत्यंत गर्व के साथ यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि भारत का पहला रोवर एंड रेंजर जम्बुरी दुधली में आयोजित किया जा रहा है। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवा शक्ति का राष्ट्रीय महोत्सव है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से रोवर-रेंजर्स, प्रशिक्षक, स्काउट्स और स्वयंसेवक सहभागिता कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं शिविर स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एडवेंचर गतिविधियां, भोजन व्यवस्था, स्वच्छ एवं पर्याप्त टॉयलेट, प्रतिभागियों के ठहरने की सुविधाएं, सुरक्षा और अनुशासन हर स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य भारत स्काउट गाइड की पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

See also  वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार में दोहरे सम्मान

खंडेलवाल ने जम्बुरी के उद्घाटन समारोह को भी भव्य और ऐतिहासिक बताया। इस जम्बुरी का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमन डेका ने किया। राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए स्काउट एंड गाइड संगठन की सेवा भावना, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा की।

मुख्य राष्ट्रीय कमिश्नर ने कहा कि भारत स्काउट एंड गाइड का सेवा और अनुकरणीय कार्यों का गौरवशाली इतिहास रहा है। जिस कार्य के लिए सामान्यतः दो वर्षों का समय लगता है, उसे छत्तीसगढ़ ने एक महीने के भीतर पूरा कर दिखाया है। यह समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना केवल सच्चे स्काउट्स में ही देखने को मिलती है। यह जम्बुरी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।