बालोद जिले में बुजुर्ग किसान कोल्हु राम साहू ने समर्थन मूल्य पर धान विक्रय की प्रक्रिया की सराहना की
बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का काम सुचारू और पारदर्शी तरीके से जारी है। जिले के ग्राम निपानी के बुजुर्ग किसान श्री कोल्हु राम साहू ने इस व्यवस्था की खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि शासन-प्रशासन की सुविधा और मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त टोकन के कारण उनका लगभग 80 क्विंटल धान आसानी से और समय पर खरीदा गया।
श्री साहू ने बताया कि पहले उन्हें टोकन प्राप्त करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती थी, लेकिन अब घर बैठे ही “तुंहर टोकन” मोबाइल ऐप के जरिए टोकन लेना संभव हो गया है। उन्होंने 17 नवंबर को टोकन लेकर खरीदी केन्द्र पहुंचने के बाद समय पर ही धान तौला और बारदाना में भरा गया। खरीदी केन्द्र में पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध थे, जिन्होंने धान भरने, तौलाई और स्टेक में रखने का कार्य कुशलता से संपन्न किया।
बुजुर्ग किसान ने यह भी कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में पेयजल, बैठने की व्यवस्था और शौचालय जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं, जिससे किसानों को आसानी होती है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से धान खरीदी और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीद के कारण खेती लाभदायक बन गई है।
श्री कोल्हु राम साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाओं से किसान हित में वास्तविक बदलाव आ रहा है।

