futuredछत्तीसगढ

ग्राम ओड़ान में बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वीर नारायण सिंह और रानी दुर्गावती को नमन

रायपुर, 22 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान में गोंड समाज के पवित्र पूजा स्थल पर आयोजित बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से बड़ादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पारंपरिक और आध्यात्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय परंपराएं प्रकृति से गहराई से जुड़ी हुई हैं। बड़ादेव की आराधना आदिवासी समाज की आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर नारायण सिंह तथा वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर नारायण सिंह ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष का नेतृत्व किया। 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक पर दिया गया उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

See also  अवंतीबाई लोधी बलिदान दिवस: मुख्यमंत्री साय ने विकास और सांस्कृतिक पहचान को बताया सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती के साहस और पराक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने गोंडवाना की अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। मुगल सेना के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय उन्होंने रणभूमि में वीरगति प्राप्त कर मातृभूमि के प्रति अपने समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन आज भी साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की परंपराओं, संस्कृति और आस्था स्थलों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश के विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि समृद्ध परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके।

कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, उपाध्यक्ष पवन साहू, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

See also  मिडिल ईस्ट में फ्लाइट सेवाएं पटरी पर, भारत में घरेलू हवाई किराए की सीमा 23 मार्च से हटेगी