\

अयोध्या में जून में आयेंगे एलन मस्क के पिता एरोल मस्क, राम मंदिर का करेंगे दर्शन

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में शामिल एलन मस्क के पिता एरोल मस्क जून महीने में अयोध्या स्थित राम मंदिर का दौरा करेंगे। एरोल मस्क 1 जून को भारत पहुंचेंगे और 6 जून तक यहां रहेंगे। उनका यह दौरा मुख्य रूप से व्यावसायिक बैठकों और सांस्कृतिक भ्रमण के लिए होगा।

दिल्ली पहुंचने के बाद, 2 जून को एरोल मस्क विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी, निवेशक, नीति निर्माता और व्यापारिक नेता के साथ एक कॉर्पोरेट इवेंट में शामिल होंगे। इसके अलावा, वह हरियाणा के सफीदाबाद में स्थित सर्वोटेक के सोलर और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जर उत्पादन केंद्र का भी निरीक्षण करेंगे।

एरोल मस्क अयोध्या भी जाएंगे, जहां वे रामलला के दर्शन करेंगे और आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को समझने के उद्देश्य से है।

मस्क के दौरे के दौरान 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर सर्वोटेक की ओर से एक बड़ा वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया जाएगा, जो पर्यावरण संरक्षण और स्थिरता के संदेश को प्रोत्साहित करेगा। इसके अलावा, इस मौके पर कई राज्य मंत्रियों और अधिकारियों की भी उपस्थिति रहने की संभावना है।

सर्वोटेक ने हाल ही में एरोल मस्क को अपनी सलाहकार बोर्ड में शामिल किया है। वे कंपनी को तकनीकी, अवसंरचना और सतत विकास के क्षेत्र में रणनीतिक मार्गदर्शन देंगे और भारत में सरकार और निवेशकों के साथ चर्चा में भाग लेंगे।

6 जून को एरोल मस्क अपनी अगली मंजिल दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होंगे। उनका यह दौरा भारत और खासकर अयोध्या के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह व्यापार के साथ-साथ आध्यात्मिक जुड़ाव को भी दर्शाता है।