मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में बच्चों के साथ मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
रायपुर, 16 अगस्त 2025: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के बैरन बाजार स्थित आंगनबाड़ी के नन्हें-मुन्ने बच्चों के साथ मुख्यमंत्री निवास में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। बच्चों ने राधा और कृष्ण का रूप धरकर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों और अठखेलियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
मुख्यमंत्री निवास को फूलों, रंगीन रोशनियों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिसने भक्ति और उल्लास का वातावरण रच दिया। छोटे-छोटे बच्चों ने कृष्ण-लीला की झांकियां और प्रसंग प्रस्तुत किए, जिनकी मासूमियत और भावपूर्ण अभिनय ने सभी उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। निवास परिसर बच्चों की हंसी और उत्साह से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा, “भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें धर्म, नीति और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देती हैं। छत्तीसगढ़ की मेहनतकश जनता और उनकी आस्था के बल पर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। हमारा संकल्प है कि श्रीकृष्ण के उपदेशों से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ को न्याय, सद्भाव और विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।”
मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक अपने हाथों से चॉकलेट, शिक्षण सामग्री और प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ते हैं। श्री साय ने सभी प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री राम सेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, मितुल कोठारी, सुनील पिल्ले, मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।