छत्तीसगढfuturedताजा खबरें

आधार सेवाएं देकर आत्मनिर्भर बनीं संगीता सिंह, ग्रामीण महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम दुधाशी की निवासी संगीता सिंह ने अपने परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर नई पहचान बनाई है। स्वयं सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि गांव के लोगों को भी कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना शुरू किया है।

संगीता सिंह ने वर्ष 2021 में बीसी सखी के रूप में अपने कार्य की शुरुआत की। उनके माध्यम से गांव के लोगों को बैंकिंग सेवाएं मिलने लगीं। पहले जहां ग्रामीणों को पैसे निकालने या अन्य बैंक संबंधी कार्यों के लिए दूर शहर या ब्लॉक मुख्यालय जाना पड़ता था, वहीं अब ये सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे ग्रामीणों को समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।

उन्होंने बताया कि बिहान योजना के तहत अपने स्वयं सहायता समूह से 68 हजार रुपये का ऋण लेकर उन्होंने यह कार्य शुरू किया था। शुरुआती दौर में कई चुनौतियां आईं, लेकिन लगातार मेहनत और लोगों की सेवा के कारण उन्होंने गांव के लोगों का भरोसा जीत लिया।

See also  क्या सचमुच बंगाल को बचाने की ज़रूरत है ?

उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें आधार सेवाएं संचालित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी है। इसी उद्देश्य से उन्हें लैपटॉप सहित आधार किट प्रदान की गई है। यह किट उन्हें जिला प्रशासन की ओर से ईडीएम नारायण केवर्त ने प्रदान की।

अब संगीता सिंह अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। इनमें नया आधार पंजीयन, आधार अपडेट और अन्य संबंधित कार्य शामिल हैं। इससे ग्रामीणों को इन सेवाओं के लिए शहर या ब्लॉक मुख्यालय तक जाने की जरूरत नहीं पड़ती।

संगीता सिंह की सफलता आज क्षेत्र की कई महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उनके प्रयासों से अन्य महिलाएं भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह की पहल से एक ओर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल और सरकारी सेवाओं की पहुंच भी मजबूत हो रही है।

See also  जशपुर में स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने पारंपरिक हस्तशिल्प को बनाया रोजगार का माध्यम