futuredछत्तीसगढ

मंत्रालय में प्रवेश व्यवस्था सरल करने की मांग, पेंशनर्स महासंघ ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

रायपुर, 12 फरवरी 2026। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनरों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए वर्तमान प्रवेश व्यवस्था को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने की मांग की है। इस संबंध में महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव तथा सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग को संयुक्त ज्ञापन प्रेषित किया है।

महासंघ के वरिष्ठ प्रांतीय पदाधिकारियों जे.पी. मिश्रा, अनिल गोल्हानी, टी.पी. सिंह, बी.एस. दसमेर, प्रवीण कुमार त्रिवेदी, आर.जी. बोहरे, ओ.डी. शर्मा और अनिल पाठक ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में राज्य सरकार से इस विषय पर संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।

सीमित समय से बढ़ रही परेशानी

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि मंत्रालय में प्रवेश पत्र जारी करने का समय केवल दोपहर 2:30 बजे से 4:00 बजे तक निर्धारित है, जो व्यवहारिक नहीं है। दूरस्थ जिलों और ग्रामीण अंचलों से बस और रेल के माध्यम से लंबी यात्रा कर लोग मंत्रालय पहुंचते हैं। रायपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों से भी कई लोग 25 से 30 किलोमीटर की दूरी तय कर अपने कार्य के लिए वहां पहुंचते हैं।

See also  कर्नाटक में सियासी असहजता: भाजपा नेता को दी गई कैबिनेट रैंक वापस, सरकार पर उठे सवाल

ऐसी स्थिति में सीमित समयावधि के भीतर प्रवेश पत्र बनवाना और संबंधित विभाग तक पहुंच पाना वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों के लिए अत्यंत कठिन हो जाता है।

एक ही काउंटर, लंबी कतारें

महासंघ ने बताया कि वर्तमान में प्रवेश पत्र जारी करने के लिए केवल एक काउंटर संचालित है। यहां वृद्धजनों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को लंबी कतारों में खड़े रहना पड़ता है। मंत्रालय परिसर में बैठने की समुचित व्यवस्था का अभाव स्थिति को और भी दयनीय बना देता है।

वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 5 फरवरी 2026 को जारी निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को अधिकारी जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालय में उपस्थित रहते हैं। ऐसे में कम से कम इन दो दिनों में प्रवेश प्रक्रिया सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ की जानी चाहिए।

महासंघ की प्रमुख मांगें

महासंघ ने राज्य सरकार के समक्ष निम्न मांगें रखी हैं:

  1. वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स के लिए पृथक प्रवेश काउंटर की स्थापना।

  2. प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया दोपहर 2:30 बजे के बजाय सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ की जाए।

  3. मंत्रालय परिसर में वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनरों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए छायादार और समुचित बैठने की व्यवस्था।

  4. प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सरल, संवेदनशील और मानवीय बनाया जाए।

See also  वैदिक चेतना से सामाजिक क्रांति तक भारतीय पुनर्जागरण के अग्रदूत महर्षि दयानंद सरस्वती

महासंघ ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेकर वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों को राहत प्रदान करेगी।