अबुझमाड़ के कुरुषनार बालक आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छात्रों से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रायपुर, 30 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अबुझमाड़ क्षेत्र के ग्राम कुरुषनार स्थित बालक आश्रम पहुंचे और वहां रह रहे विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम की शैक्षणिक और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छात्रों की मांग पर मुख्यमंत्री ने आश्रम में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की स्वीकृति प्रदान करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
छात्रों से संवाद, सपनों को मिली सराहना
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता के साथ-साथ देश और प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। आश्रम में रहने वाले छात्र रामजी से उन्होंने पूछा कि वह आगे चलकर क्या बनना चाहता है। रामजी ने शिक्षक बनने की इच्छा जताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने उसकी प्रशंसा करते हुए मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की सलाह दी।
इसी तरह छात्र सोप सिंह ने मुख्यमंत्री को पहाड़ा सुनाया। संवाद के दौरान कक्षा दूसरी में पढ़ने वाले छात्र आदित्य ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उन्हें स्कूल जाना कैसा लगता था। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें स्कूल जाना अच्छा लगता था और उन्होंने बच्चों को बचपन में पढ़ाई को पर्याप्त समय देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने और सफल बनने के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता की जानकारी ली और कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी भागीदारी जरूरी है। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने अंतरिक्ष अभियान से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने मॉडल प्रदर्शित करने वाले सभी विद्यार्थियों को वैज्ञानिक बनने के प्रयास के लिए प्रोत्साहित किया और शुभकामनाएं दीं।
उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति जानने के लिए कुरुषनार स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। दुकान में मौजूद राशनकार्डधारियों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से और समय पर राशन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने डुटाखार के मेहरो, दशरी, तिलो और सुनिता, गुमियाबेड़ा की रजनी बाई और अनिता तथा ग्राम कंदाड़ी की वीणाबाई से आत्मीय बातचीत की और उनके परिवारों की जानकारी ली। सभी हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें हर माह चावल प्राप्त हो रहा है और उसकी गुणवत्ता भी अच्छी है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने दुकान में स्टॉक की उपलब्धता, रखरखाव, साफ-सफाई, स्टॉक रजिस्टर और भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि इस उचित मूल्य दुकान से आसपास के 12 गांव आलवर, कंदाड़ी, कुरुषनार, कोडोली (विरान), गुमियाबेड़ा, जिवलापदर, अरसगढ़, डुटाखार, कंकाल, जामपारा, कावड़वार और नदीपारा जुड़े हुए हैं। यहां कुल 408 राशन कार्डधारियों को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
