लाला जगदलपुरी की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया भावपूर्ण स्मरण
रायपुर, 16 दिसंबर 2025। बस्तर अंचल के प्रख्यात साहित्यकार लाला जगदलपुरी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहित्यिक योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाला जगदलपुरी ने अपने लेखन के माध्यम से बस्तर की संस्कृति, परंपराओं और इतिहास को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ हल्बी, भतरी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में रचनाएँ कर बस्तर की संवेदनाओं और लोकजीवन को शब्दों में जीवंत किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “बस्तर: इतिहास एवं संस्कृति” तथा “बस्तर की लोक कथाएँ” जैसी महत्वपूर्ण कृतियाँ आज भी बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को समझने के लिए संदर्भ ग्रंथ के रूप में मानी जाती हैं और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पं. सुन्दरलाल शर्मा आंचलिक साहित्य अलंकरण से सम्मानित लाला जगदलपुरी की साहित्यिक धरोहर छत्तीसगढ़ की अमूल्य पूंजी है। उनका जीवन और सृजन समाज को संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की प्रेरणा देता रहेगा।

