futuredछत्तीसगढताजा खबरें

रायपुर–अभनपुर–राजिम ब्रॉड गेज रेल सेवा से यात्रियों को राहत, सफर हुआ सस्ता और सुगम

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा गेज परिवर्तन की प्रमुख परियोजना के अंतर्गत रायपुर से अभनपुर और राजिम के बीच नेरो गेज को ब्रॉड गेज में परिवर्तित किया गया है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद वर्तमान में इस रूट पर तीन ब्रॉड गेज ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिल रहा है।

रेल सेवा के माध्यम से यात्रियों को सड़क परिवहन की तुलना में कम किराए में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिल रहा है। खासतौर पर नया रायपुर क्षेत्र के लिए कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार देखने को मिला है। अभनपुर, रायपुर और मंदिर हसौद के बीच मेमू ट्रेन सेवा शुरू होने से स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। यह सेवा राज्य मंत्रालय और सचिवालय जाने वाले दैनिक यात्रियों के लिए समय और धन दोनों की बचत कर रही है, साथ ही ग्रामीण और शहरी इलाकों को बेहतर तरीके से जोड़ रही है।

See also  वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार में दोहरे सम्मान

रेलवे द्वारा जारी किराया विवरण के अनुसार रायपुर से अभनपुर का किराया मात्र ₹10, रायपुर से राजिम ₹15 और राजिम से डोंगरगढ़ का किराया केवल ₹35 निर्धारित किया गया है, जिससे यह यात्रा आम लोगों के लिए और अधिक सुलभ हो गई है।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायपुर और अभनपुर स्टेशनों पर आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। दोनों स्टेशनों पर ट्रेन संचालन के साथ ही अनारक्षित टिकट की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा आरक्षित और तत्काल टिकट की व्यवस्था भी उपलब्ध है, जिससे यात्री देश के किसी भी हिस्से के लिए टिकट बुक कर सकते हैं।

अभनपुर स्टेशन पर आरक्षित टिकट काउंटर का समय 11:30 बजे से 17:30 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि राजिम स्टेशन पर यह सुविधा सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक उपलब्ध है।

राजिम और अभनपुर से डोंगरगढ़ के लिए भी निरंतर रेल सेवा चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 68767 राजिम से सुबह 6:45 बजे रवाना होकर अभनपुर होते हुए रायपुर स्टेशन 8:20 बजे पहुंचती है। इसके बाद यही ट्रेन गाड़ी संख्या 68705 के रूप में रायपुर से सुबह 8:30 बजे डोंगरगढ़ के लिए प्रस्थान कर 10:50 बजे गंतव्य पर पहुंचती है। इस सेवा से श्रद्धालुओं को मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए सुविधाजनक यात्रा का अवसर मिल रहा है।

See also  ॠषि और कृषि संस्कृति का संगम मकर संक्रांति पर्व

रेलवे की इस पहल को क्षेत्रीय विकास और यात्री सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।