futuredछत्तीसगढ

कुम्हार समाज के श्री विष्णु महायज्ञ में मुख्यमंत्री की भागीदारी, कारीगरों हेतु बड़ी सौगात

रायपुर, 27 नवंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के ग्राम नारायणपुर पहुंचे, जहां कुम्हार समाज द्वारा आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ एवं चक्र पूजा कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। यह आयोजन न केवल एक धार्मिक परंपरा था, बल्कि कुम्हार समाज की सांस्कृतिक पहचान और सृजनशक्ति का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम गोरिया में माटी कला बोर्ड के माध्यम से कुम्हार समाज के लिए ग्लेज़िंग यूनिट स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही कुम्हार समाज के मंगल भवन के विस्तार के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत करने का ऐलान किया। उन्होंने सरगुजा संभाग के 100 कुम्हारों को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक चाक भी वितरित किए, जो उत्पादन क्षमता बढ़ाने और कला की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्र पूजा केवल मिट्टी के चाक की आराधना नहीं, बल्कि सृष्टि, सृजन, परिश्रम और निरंतरता का प्रतीक है। उन्होंने कुम्हार समाज को छत्तीसगढ़ी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि उनकी कला तीज-त्योहारों, धार्मिक अनुष्ठानों और पारंपरिक जीवन के हर पहलू को पूर्णता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि कारीगर आत्मनिर्भर बनें और उनकी कला नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

See also  युवा मन की उलझनों में भगवद्गीता का प्रकाश: कर्म, विवेक और आत्मबल का संदेश

उन्होंने बताया कि माटी कला बोर्ड के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक चाक वितरण से कारीगरों की मेहनत कम होगी, उत्पादों को बेहतर आकार और चमक मिलेगी और बाजार में उनका मूल्य बढ़ेगा। इससे वर्षभर स्थिर आय भी सुनिश्चित होगी। डिज़ाइन के नए प्रयोग, आधुनिक तकनीक, उत्पादकता और उद्यमिता के प्रशिक्षण, साथ ही वित्तीय सहायता के माध्यम से सरकार कुम्हारों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने में सहयोग दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेलों, प्रदर्शनी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से कुम्हारों को देशभर और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने का प्रयास जारी है। उन्होंने आह्वान किया कि छत्तीसगढ़ की माटी कला को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित किया जाए, ताकि प्रदेश की पहचान और समृद्ध हो।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत, पद्मश्री जागेश्वर यादव, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूराम चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका अद्यक्ष जशपुर अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कृष्ण कुमार राय, विजय आदित्य प्रताप सिंह जूदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

See also  मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना: 429 करोड़ से अधिक की स्वीकृतियां, छत्तीसगढ़ के 14 नगर निगमों में तेजी से बदल रही शहरों की तस्वीर