futuredछत्तीसगढ

कृषि क्रांति अभियान : कॉल सेंटर और जी कॉम इंडिया से किसानों को नया बाजार और नई राह

रायपुर, 14 सितम्बर 2025। जिले के किसानों के हित में चलाए जा रहे कृषि क्रांति अभियान के अंतर्गत आज किसान कॉल सेंटर और जी कॉम इंडिया की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने बगिया स्थित निज निवास कार्यालय से की। इन पहलों का उद्देश्य किसानों को बाजार व्यवस्था में बिचौलियों से मुक्ति दिलाना और उनकी उपज को सीधे खरीदार तक पहुँचाना है।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

किसानों को मिलेगा उचित मूल्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जिले में कृषि के साथ उद्यानिकी फसलों की भी अपार संभावनाएँ हैं। यहाँ आम, लीची, नाशपाती, कटहल, टाऊ और चाय जैसी फसलों का उत्पादन बड़े पैमाने पर हो रहा है। लेकिन अब तक किसानों को बाजारों की कमी के कारण औने-पौने दामों में उपज बेचनी पड़ती थी।

जी कॉम इंडिया के क्यूआर कोड के माध्यम से किसान अब सीधे खरीदार से जुड़ पाएंगे। देश के किसी भी हिस्से में बैठा उपभोक्ता किसान की फसल की जानकारी प्राप्त कर ऐप के जरिए खरीद सकता है। इससे किसानों को बिचौलियों और कोचियों से मुक्ति मिलेगी और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होगा।

See also  मातृत्व का पर्व, संतान के प्रति निःस्वार्थ समर्पण का प्रतीक : अहोई अष्टमी

मुख्यमंत्री ने बताया कि एनडीडीबी के साथ मिलकर राज्य के छह जिलों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पायलट प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है। इसके तहत उत्तम नस्ल के दुधारू पशु उपलब्ध कराए जा रहे हैं और ग्रामीणों को पशुपालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कॉल सेंटर से किसानों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन

किसानों की समस्याओं के समाधान और सलाह के लिए किसान कॉल सेंटर (08069378107) शुरू किया गया है। यहाँ पर 12 विशेषज्ञों की टीम कार्य करेगी, जिसमें कृषि विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे।

यह टीम कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से किसानों से जुड़ेगी। किसान खेती से संबंधित किसी भी समस्या के लिए कॉल सेंटर से सीधी मदद ले सकेंगे। इसके अलावा उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी मार्गदर्शन मिलेगा।

इस अवसर पर जिला प्रशासन और एग्रिबिड के बीच एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए।

See also  राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकता परेड-2025 में चयनित हुई छत्तीसगढ़ की झांकी

किसानों के लिए शैक्षणिक भ्रमण

कृषि क्रांति और आत्मा योजना के अंतर्गत किसानों को नवाचार और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देने के लिए 35 किसानों के दल को रायपुर और दुर्ग के शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हरी झंडी दिखाकर इन्हें रवाना किया।

इस दल में कुनकुरी के 15 और कांसाबेल के 20 किसान शामिल हैं। ये किसान बीएनआर सीड रायपुर और इंडस मेगा फूड पार्क में वैज्ञानिक खेती और खाद्य प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों से अवगत होंगे और वापस आकर अपने क्षेत्र में इन तरीकों को अपनाएंगे।

जी कॉम इंडिया से मिलेगा राष्ट्रीय बाजार

जी कॉम इंडिया का क्यूआर कोड किसानों के लिए राष्ट्रीय स्तर का बाजार खोलेगा। किसी भी कोने में बैठा खरीदार ऐप पर उपलब्ध जानकारी से सीधे किसान से संपर्क कर सकता है। यदि किसी एक किसान के पास पर्याप्त मात्रा न हो तो वह सामुदायिक स्तर पर अपने साथियों की उपज को जोड़कर खरीदार तक पहुँचा सकता है।

See also  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में ‘सुशासन संवाद’ कार्यक्रम सम्पन्न

इससे न केवल किसानों की उपज को उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि सामूहिक विकास की भी राह खुलेगी। किसान अब केवल धान ही नहीं बल्कि तिलहन, दलहन और नगदी फसलों को भी घर बैठे देशभर के बाजार में बेच पाएंगे।

किसानों की आय में वृद्धि की दिशा

गोमती साय ने कहा कि कॉल सेंटर किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा और इसके दूरगामी परिणाम सामने आएंगे। रायमुनी भगत ने कहा कि जशपुर में नाशपाती, लीची और कटहल का उत्पादन बहुतायत में होता है। हाल ही में कटहल मेला आयोजित कर इसके प्रसंस्करण की संभावनाओं को बढ़ावा दिया गया था। अब नई पहलों से किसान अपने उत्पाद का निर्यात भी कर पाएंगे।