futuredसाहित्य

वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मीनारायण पयोधि को ‘जगदीश गुरु साहित्यकार सम्मान’ से अलंकृत किया गया

रायपुर, 21 जुलाई 2025। वरिष्ठ साहित्यकार लक्ष्मीनारायण पयोधि को 20 जुलाई, रविवार को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय जीवनशैली समारोह में ‘जगदीश गुरु साहित्यकार सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सृजनशीलता और विशिष्ट उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया।

इस सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के खेल, युवा कल्याण और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग थे। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. गांगुली योग विद्यापीठ, भोपाल द्वारा कमला पार्क स्थित आचार्य नरेंद्रदेव पुस्तकालय में किया गया।

साहित्य भारती छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष बलदाऊ राम साहू ने जानकारी दी कि लक्ष्मीनारायण पयोधि मूल रूप से छत्तीसगढ़ के भोपालपटनम निवासी हैं और वर्तमान में भोपाल में साहित्य-साधना में संलग्न हैं। वे वन्या प्रकाशन में सहायक संपादक के पद से 2019 में सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद 2022 तक उन्होंने विशेषज्ञ-सलाहकार के रूप में भी सेवाएं दीं।

लक्ष्मीनारायण पयोधि ने 1990 से 1997 तक आदिम जाति विकास विभाग के वन्या प्रकाशन से प्रकाशित बच्चों की लोकप्रिय पत्रिका ‘समझ-झरोखा’ का संपादन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने आदिम जाति अनुसंधान संस्थान (ट्राइबल रिसर्च इंस्टिट्यूट) में भी सेवाएं दीं। वे बाल साहित्यकार, कवि-कथाकार, जनजातीय भाषा व संस्कृति के अध्येता तथा विभिन्न विधाओं के लेखक के रूप में प्रतिष्ठित हैं। अब तक उनकी 56 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।

See also  सर्वेश्वरी समूह भाटापारा द्वारा वृक्षारोपण, 110 वृक्ष लगाए गए

कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी राज्य स्तरीय जीवनशैली सम्मान से नवाजा गया, जिनमें वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वी. के. निचलानी, वरिष्ठ पत्रकार सरमन नागेले तथा जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक संजय जैन शामिल हैं।

इस अवसर पर संस्था के संचालक योगाचार्य डॉ. पवन गुरु और संयोजिका ममता गुरु की निःस्वार्थ सेवाओं और प्रतिबद्धता की भी सराहना की गई। उल्लेखनीय है कि डॉ. एम. के. गांगुली द्वारा 87 वर्ष पूर्व स्थापित योग विद्यापीठ का संचालन आज उनके शिष्य योगाचार्य पवन गुरु कुशलता से कर रहे हैं। समारोह का प्रभावी संचालन अजय श्रीवास्तव ‘नीलू’ ने किया।

-स्वराज करुण