futuredपॉजिटिव स्टोरी

छत्तीसगढ़ ने दिखाया दम: वाको इंडिया किक बॉक्सिंग चैम्पियनशिप का भव्य समापन

रायपुर, 20 जुलाई 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज देर शाम राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित वाको इंडिया राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग चैम्पियनशिप 2025 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देश के 28 राज्यों से आए लगभग 1200 प्रतिभागियों और 300 कोचों का भगवान श्रीराम की ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरती छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए कहा कि यह राज्य का सौभाग्य है कि वाको इंडिया राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग फेडरेशन ने इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ को चुना।

उन्होंने छत्तीसगढ़ की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि यह राज्य 44% वनों से आच्छादित है, जिसमें अबूझमाड़ जैसा रहस्यमयी क्षेत्र शामिल है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के अंतिम चरण में है और अब विकास की नई गाथा लिख रहा है। खिलाड़ियों को राज्य भ्रमण के लिए भी आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किक बॉक्सिंग जैसे खेल युवाओं में साहस, शक्ति और दृढ़ संकल्प का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने किक बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ को इस आयोजन के लिए साधुवाद दिया।

See also  रजक समाज की भूमिका सनातन परंपराओं की निरंतरता में अत्यंत महत्वपूर्ण - मुख्यमंत्री

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण व प्रोत्साहन योजनाएं सशक्त रूप से चलाई जा रही हैं। उन्होंने ओलंपिक पदक विजेताओं को 1 से 3 करोड़ रुपए तक पुरस्कार देने की योजना का भी जिक्र किया।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि किक बॉक्सिंग विशेष रूप से बालिकाओं की आत्मरक्षा के लिए आवश्यक है और सभी छात्रों को खेलों में भागीदारी करनी चाहिए।

महापौर मीनल चौबे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर वाको इंडिया के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, छत्तीसगढ़ किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन मुंदड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, ऑब्जर्वर रेणु पारीख, मुरली शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं खेलप्रेमीजन उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में पंजाब ने 22 स्वर्ण, 18 रजत और 26 कांस्य पदकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। महाराष्ट्र ने 21 स्वर्ण, 16 रजत और 29 कांस्य पदक जीतकर दूसरा स्थान और तमिलनाडु ने 12 स्वर्ण, 14 रजत व 15 कांस्य पदक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ ने कुल 8 स्वर्ण, 13 रजत और 37 कांस्य पदक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर छठवाँ स्थान प्राप्त किया, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। असम रायफल्स को सर्वश्रेष्ठ अनुशासित टीम के रूप में सम्मानित किया गया।

See also  अवैध मदिरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 5 लाख से अधिक की देशी शराब जब्त