प्रदेश के विकास की आगामी पंचवर्षीय कार्य-योजना भी तैयार : डॉ. रमन सिंह

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने आम जनता की बेहतरी के लिए विगत 14 वर्ष में विकास के सारे मापदंड स्थापित किए हैं और छत्तीसगढ़ को रोड कनेक्टिविटी तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी से भी सफलतापूर्वक जोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के तेज विकास के लिए अगले पांच वर्ष की कार्य-योजना भी तैयार कर ली है। डॉ. सिंह ने दावा किया कि इस दौरान छत्तीसगढ़ देश के प्रथम तीन सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा – सरकार जनता के सहयोग से इस दिशा में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री आज विकास यात्रा के दौरान रायगढ़ जिले के विकासखंड और तहसील मुख्यालय लैलूंगा में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लैलूंगा के बाद जशपुर जिले  के विकासखंड मुख्यालय दुलदुला में भी उमड़ते जनसैलाब के बीच विशाल आम सभा को सम्बोधित किया।
दोनों आमसभाओं में जनता ने मुख्यमंत्री का जोशीला स्वागत और अभिनंदन किया। रंग-बिरंगे परम्परागत परिधानों में सजे-धजे लोक नर्तकों ने भी मुख्यमंत्री और विकास यात्रा के स्वागत में आकर्षक नृत्यों का प्रदर्शन किया।
दोनों आमसभाओं में मुख्यमंत्री ने 147 करोड़ 61 लाख रूपए के 364 निर्माण कार्याें का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
उन्होंने लैलूंगा की आम सभा में  जनता को 41 करोड़ 61 लाख रूपए के 64 विभिन्न निर्माण कार्याें की सौगात दी। इनमें 12 करोड़ 32 लाख रूपए के तीन पूर्ण हो चुके कार्याें का लोकार्पण और 29 करोड़ 35 लाख रूपए के 61 नये निर्माण कार्याें का शिलान्यास और भूमिपूजन उनके हाथों सम्पन्न हुआ।
मुख्यमंत्री ने दुलदुला की आमसभा में 103 करोड़ रूपए के 300 निर्माण कार्याें का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इनमें से 50 करोड़ 10 लाख रूपए के पूर्ण हो चुके 81 निर्माण कार्य मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित हुए। उन्होंने दुलदुला क्षेत्र के लिए 53 करोड़ 49 लाख रूपए के 219 निर्माण कार्याें का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।