महिला सशक्तिकरण: स्मार्ट फोन दिए जाएंगे 45 लाख महिलाओं को

छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा घोषित संचार क्रांति योजना स्काई के तहत राज्य में 50 लाख से ज्यादा स्मार्ट फोन बांटने की तैयारी शुरू कर दी है। महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से इस योजना में प्रदेश की महिलाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

file photo

योजना के तहत एक हजार से ज्यादा आबादी वाले गांवों में परिवारों की 40 लाख महिला प्रमुखों और शहरी क्षेत्रों में गरीब परिवारों की पांच लाख महिला प्रमुखों को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। उनके अलावा कॉलेजों के पांच लाख विद्यार्थियों को भी स्मार्ट फोन देने का लक्ष्य है। यह देश में अपनी तरह की पहली योजना है। इसके अंतर्गत स्मार्ट फोन दो चरणों में वितरित किए जाएंगे। प्रथम चरण में 30 लाख लोगों को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर अत्यंत उच्च क्वालिटी के स्मार्ट फोन लिए जा रहे हैं। राज्य में इस समय मोबाइल फोन कनेक्टिविटी ग्रामीण क्षेत्रों में 29 प्रतिशत के आसपास है। इस योजना के जरिए राज्य के 13 हजार 900 गांवों को मोबाइल फोन की अच्छी कनेक्टिविटी मिलेगी।

प्रदेश भर में संचालित चिप्स के 11 हजार से ज्यादा सामान्य सेवा केन्द्रों के जरिए जनता को ई-गवर्नेंस की सेवाएं सुदूर गांवों तक दी जा सकेगी। संचार क्रांति योजना में स्मार्ट फोन प्राप्त करने वाले लोगों को डिजिटल भुगतान अर्थात केशलेस लेनदेन की भी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा उन्हें स्मार्ट फोन के जरिए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा उन योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया आदि की भी जानकारी मिलेगी।