’परब छत्तीसगढ़’ शुभारंभ समारोह में राज्य अलंकरणों की घोषणा

रायपुर, 31 अक्टूबर 2014/ राज्य स्थापना की 14वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए चयनित 19 नागरिकों और तीन संस्थाओं को 19 राज्य अलंकरणों से सम्मानित किया जाएगा। तीन अलंकरण संयुक्त रूप से दो-दो लोगों को दिए जाएंगे। अलंकरण समारोह कल एक नवम्बर को नया रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (ग्राम तूता) में राज्योत्सव 2014 के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्यपाल श्री बलरामजी दास होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में समारोह शाम सात बजे शुरू होगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने राज्योत्सव 2014 के कार्यक्रमों को इस वर्ष ’परब छत्तीसगढ़’ के नाम से आयोजित करने का निर्णय लिया है।

DSCN5591
राज्य अलंकरणों के लिए चयनित नागरिकों और संस्थाओं को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बधाई दी है। संस्कृति मंत्री श्री अजय चंद्राकर ने आज यहां बताया कि वर्ष 2014 के राज्य अलंकरण के अंतर्गत शहीद वीरनारायण सिंह सम्मान आदिवासी एवं पिछड़े वर्गो के उत्थान के लिए काम करने वाले सरगुजा के श्री गंगाराम पैकरा को दिया जाएगा। अहिंसा और गौरक्षा के लिए स्थापित यतियतन लाल सम्मान ग्राम पेलीमेटा, राजनांदगांव के श्रेष्ठ देशी गौ पंचगव्य अनुसंधान संस्थान को प्रदान किया जाएगा। खेल के क्षेत्र में गुण्डाधूर सम्मान राजनांदगांव के श्री अम्बर सिंह भारद्वाज को प्रदान किया जाएगा। महिला उत्थान के लिए मिनीमाता सम्मान रायपुर की सुश्री मोना सेन को और सामाजिक चेतना तथा दलित उत्थान के लिए गुरूघासीदास सम्मान भिलाई नगर की सुश्री मोना सेन को प्रदान किया जाएगा।
श्री चंद्राकर ने बताया कि सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह सम्मान धमतरी जिले की वृहताकार कृषि साख सहकारी समिति ग्राम चर्रा (कुरूद) को और उर्दू भाषा की सेवा के लिए हाजी हसन अली सम्मान रायपुर के श्री असगर अली को दिया जाएगा। तीरंदाजी के खेल में महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान रायपुर की कुमारी तुशीनारो आऔ को प्रदान किया जाएगा। सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक क्षेत्र में अभिनव प्रयत्नों के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान रायपुर के वरिष्ठ इतिहासकार श्री विष्णुसिंह ठाकुर को प्रदान किया जाएगा। साहित्य/आंचलिक के क्षेत्र में पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान से रायपुर के वरिष्ठ साहित्यकार श्री तेजिन्दर सिंह गगन को और संगीत एवं कला के क्षेत्र में चक्रधर सम्मान से रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना सुश्री वासंती वैष्णव (बिलासपुर) को नवाजा जाएगा। लोक कला/लोक शिल्प के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए दाऊ मंदराजी सम्मान संयुक्त रूप से बिलासपुर के श्री अनूप रंजन पाण्डेय और धमतरी के श्री एल.पी. गोस्वामी को प्रदान किया जाएगा। कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए डॉ. खूबचंद बघेल सम्मान से रायगढ़ के श्री रामगोपाल साहू और श्री डेढ़राज चंद्रा को संयुक्त रूप से नवाजा जाएगा। आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में स्थापित धनवंतरी सम्मान रायपुर के वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. डी.के. तिवारी को प्रदान किया जाएगा।
संस्कृति मंत्री ने बताया कि मछली पालन के क्षेत्र में बिलासाबाई केवटिन सम्मान ग्राम अर्जुन्दा, जिला दुर्ग के श्री प्रकाश सांतरा को और आदिवासियों की सेवा तथा उत्थान के क्षेत्र में डॉ. भंवर सिंह पोर्ते सम्मान बीजापुर जिले के ग्राम कुटरू स्थित पंचशील आश्रम को प्रदान किया जाएगा। श्रम के क्षेत्र में स्थापित महाराजा रामानुज प्रताप सिंह देव सम्मान कोरबा के श्री जयप्रकाश यादव और श्री जे.एल. पटेल को संयुक्त रूप से दिया जाएगा। अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में स्थापित पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान दुर्ग के पुलिस निरीक्षक श्री विभुदीप नंद को प्रदान किया जाएगा। संस्कृत भाषा सम्मान से खैरागढ़ के डॉ. रमाकांत शुक्ला को नवाजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *