धान का समर्थन मूल्य बढ़ा, किसानों ने व्यक्त की खुशी

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा आज किसानों के लिए धान के समर्थन मूल्य सहित खरीफ और रबी फसलों के समर्थन मूल्यों में उत्साहजनक वृद्धि किए जाने पर खुशी प्रकट की है। डॉ. सिंह ने इस फैसले को मोदी सरकार का किसान हितैषी फैसला बताया।
उन्होंने नरेन्द्र मोदी सरकार के इस फैसले का अपनी ओर से तथा छत्तीसगढ़ के लाखों मेहनतकश किसानों तथा प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा-क्योंकि छत्तीसगढ़ की मुख्य फसल धान है और हमारे यहां आदिवासी क्षेत्रों तथा पहाड़ी अंचलों में मक्के की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसलिए प्रधानमंत्री के आज के इस फैसले से छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को फायदा होगा।
डॉ. रमन सिंह ने आज शाम यहां विधानसभा में भी प्रधानमंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा-भारत के किसानों के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। किसानों की आमदनी को दोगुनी करने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपनी भीष्म प्रतिज्ञा पूरी करने की दिशा में बहुत बड़ा कदम उठाया है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा-धान का समर्थन मूल्य में 200 रूपए की वृद्धि करते हुए 1550 रूपए से बढ़ाकर 1750 रूपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है। राज्य सरकार किसानों को धान पर प्रति क्विंटल 300 रूपए का बोनस भी दे रही है। इस प्रकार छत्तीसगढ़ के किसानों को श्री मोदी के इस फैसले से धान पर अब प्रति क्विंटल 2050 रूपए की राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा-केन्द्र ने आज ही मक्के का समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 275 रूपए बढ़ाकर 1425 रूपए से 1700 रूपए कर दिया है। इसी तरह मूंग, रागी, सोयाबीन, उड़द आदि फसलों के समर्थन मूल्य भी बढ़ाए गए हैं, जिसका फायदा छत्तीसगढ़ सहित देश के किसानों को मिलेगा।