आंध्र के मुख्यमंत्री ने की नया रायपुर के लिए डॉ. रमन सिंह तारीफ की

रायपुर 22 सितम्बर 2014/ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चन्द्रबाबू नायडु ने नया रायपुर के योजनाबद्ध विकास के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी है। श्री नायडु ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के कम्प्यूटरीकरण और ई-गर्वनेंस के लिए भी डॉ. रमन सिंह की तारीफ की है।
1947
नया रायपुर छत्तीसगढ़ के नए प्रशासनिक मुख्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है श्री नायडु ने आज नया रायपुर में चल रही भिन्न विकास गतिविधियों का अवलोकन करने के बाद वहां मंत्रालय (महानदी भवन) में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ एक बैठक में हिस्सा लिया। श्री नायडु के समक्ष नया रायपुर विकास परियोजना पर आधारित प्रस्तुतिकरण दिया गया। श्री नायडु ने कहा कि नया रायपुर की कार्य योजना के प्रत्यक्ष अवलोकन से मैं काफी प्रभावित और संतुष्ट हूं।
बैठक में आंध्र के मुख्यमंत्री ने डॉ. रमन सिंह से कहा कि जिस प्रकार चरणबद्ध ढंग से नया रायपुर तेजी से आकार ले रहा है, वह छत्तीसगढ़ केे मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व और उनकी दूरगामी सोच को प्रदर्शित करता है। श्री नायडु ने कहा कि नया छत्तीसगढ़ राज्य पहले जिन परिस्थितियों में था, उसकी तुलना में आज यहां काफी विकास हुआ है और हो रहा है। उन्होंने नया रायपुर की कार्य योजना में ग्रामीणों के लिए बेहतर आर्थिक पैकेज और उन्हें आजीविका के लिए दिए जा रहे रोजगार प्रशिक्षण, नए शहर की निर्माण प्रक्रिया में हरित पर्यावरण और जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण तथा अन्य महत्वपूर्ण विकास गतिविधियों की तारीफ की। श्री नायडु ने कहा कि नया रायपुर में कई प्रकार की आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही है, जो सराहनीय है।
CM phot 2
उन्होंने कहा कि तेलांगना राज्य निर्माण के बाद आंध्रप्रदेश भी अपनी नई राजधानी का निर्माण करेगा। नया रायपुर हमारे लिए एक आदर्श परियोजना के रूप में सामने होगा। हम नया रायपुर की तरह अलग टाउनशिप विकसित करना चाहते हैं। श्री नायडु ने आज नया रायपुर के सेक्टर 27 में गृह निर्माण मंडल की आवासीय कॉलोनी का भी अवलोकन किया और वे सत्य सांई संजीवनी अस्पताल भी पहुंचे जहां जन्मजात हृदय रोगियों का निःशुल्क इलाज और ऑपरेशन किया जाता है। श्री नायडु ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ बैठक में इस अस्पताल की सेवा भावना की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पुटपर्थी और बेंगलुरू के बाद हृदय रोगियों के लिए इस प्रकार का निःशुल्क अस्पताल यहां सांई संस्थान ने खोला है, जो सराहनीय है। श्री नायडु और डॉ. रमन सिंह की संयुक्त बैठक में आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकार के अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थिति थे। डॉ. रमन सिंह ने मंत्रालय पहुंचने पर मुख्य प्रवेश द्वार पर श्री नायडु को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक में श्री नायडु ने मुख्यमंत्री को तिरूपति बालाजी का प्रसाद और शॉल भेंटकर उनका अभिनंदन किया, वहीं डॉ. रमन सिंह ने भी शॉल पहनाकर श्री नायडु को सम्मानित किया। नया रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री एन. बैजेन्द्र कुमार ने नया रायपुर के बारे में प्रस्तुतिकरण किया। छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण, आवास और पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत, मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *